रांची : झारखंड के पथ निर्माण विभाग ने खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा मार्ग पर कोयल और बनई नदी पर दो अलग-अलग हाईलेवल पुल निर्माण की दिशा में निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों परियोजनाओं पर 23 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। इन पुलों के निर्माण से बरसात के मौसम में क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होने और आवागमन सुरक्षित होने की उम्मीद है।
कोयल नदी पर प्रस्तावित हाईलेवल पुल के निर्माण पर 17.54 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह पुल करीब 35 मीटर लंबा होगा और इसकी संरचना सात स्पैन की होगी। निविदा में भाग लेने वाले संवेदकों के लिए 17.55 लाख रुपये की बिड सिक्योरिटी तय की गई है। विभाग ने इसके निर्माण के लिए 36 माह की समयसीमा निर्धारित की है। अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया अप्रैल के अंत तक पूरी कर जून तक निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा मार्ग के आठवें किलोमीटर पर बनई नदी पर 6.04 करोड़ रुपये की लागत से हाईलेवल पुल बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए 6.05 लाख रुपये की बिड सिक्योरिटी तय की गई है और निर्माण कार्य 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग की योजना है कि मानसून शुरू होने से पहले निर्माण एजेंसी का चयन कर प्रारंभिक चरण में पिलर निर्माण शुरू करा दिया जाए।
पिछले साल धंस गया था बनई नदी का पुराना पुल
बनई नदी पर बना पुराना पुल पिछले वर्ष हल्की बारिश में ही धंस गया था, जिसके बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बनाए गए डायवर्सन से छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है और भारी वाहनों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
आवागमन सुगम होगा,दूरी घटेगी
स्थानीय लोगों का मानना है कि कोयल और बनई नदी पर नए पुल बनने के बाद तोरपा, कोलेबिरा, सिमडेगा, खूंटी और आसपास के क्षेत्रों के बीच यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। दूरी भी घटेगी।
Read Also- लातेहार में दर्दनाक हादसा : डैम में डूबने से दो युवकों की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा

