Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी चेक डैम में गुरुवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आदित्यपुर के सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस) के नौवीं कक्षा के दो छात्रों रौनक भारद्वाज और गॉडविन थॉमस की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।
गौरतलब है कि स्कूल के समय के दौरान तीन छात्र क्लास छोड़कर खरकई नदी पर बने आसंगी चेक डैम में नहाने पहुंच गए थे। नहाने के दौरान पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने और तेज बहाव के कारण रौनक और गॉडविन अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए।
मौके पर मौजूद उनके सहपाठी प्रशांत कुमार ने बताया कि वह कुछ देर के लिए पानी लेने गया था, तभी अचानक चीख-पुकार सुनाई दी। जब तक वह वापस लौटा, दोनों साथी पानी में समा चुके थे। अन्य छात्र किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए।
गोताखोरों ने निकाले दोनों शव
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना प्रभारी संजीव सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों में मचा कोहराम, रो रो कर बुरा हाल
जैसे ही हादसे की सूचना छात्रों के घर पहुंची, परिवारों में मातम छा गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसंगी चेक डैम पर अक्सर बच्चे नहाने आते हैं, जबकि यह स्थान बेहद खतरनाक है और यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं।

