RANCHI: राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के साथ ही अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक ने शहरी क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार समिति का मुख्य कार्य शहर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की वर्तमान स्थिति का आकलन करना, उनकी गुणवत्ता की जांच करना तथा आवश्यकता अनुसार उनके रिजॉल्यूशन को बढ़ाने के सुझाव देना होगा। इसके साथ ही समिति उन नए स्थानों की पहचान भी करेगी, जहां सुरक्षा के लिहाज से नए कैमरे लगाए जाने की जरूरत है।
इस समिति के अध्यक्ष अपर पुलिस महानिदेशक अपराध अनुसंधान विभाग मनोज कौशिक को बनाया गया है। वहीं, पुलिस उप-महानिरीक्षक झारखंड जगुआर इन्द्रजीत महथा और रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण कर एक विस्तृत प्रतिवेदन जल्द ही पुलिस मुख्यालय को सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिससे सभी कैमरों का प्रभावी और सक्रिय उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

