RANCHI: मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में खेल प्रेमियों का जुटान हुआ है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, झारखंड एथलेटिक्स संघ और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-4 में देशभर से करीब 225 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट पार्टिसिपेट कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता में रेलवे, आर्मी, नेवी और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के शीर्ष खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा को बेहद रोमांचक बना दिया है। ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है, जिससे दर्शकों को उच्च स्तरीय खेल का अनुभव मिल रहा है।
राज्य के 13 खिलाड़ी शामिल
झारखंड के 13 खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इन युवा खिलाड़ियों के लिए यह मंच खुद को साबित करने का बड़ा अवसर है। यह आयोजन कॉमनवेल्थ गेम्स और फेडरेशन गेम्स जैसी बड़ी स्पर्धाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। सीनियर पुरुष और महिला वर्ग में कुल 15 इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि अंडर-20 वर्ग के लिए भी कई स्पर्धाएं रखी गई हैं। खिलाड़ियों को इन इवेंट्स के जरिए क्वालीफाई करने का अवसर मिल रहा है।
अंतरराष्ट्रीय एथलीट भी कर रहे पार्टिसिपेट
प्रतियोगिता में भाग ले रही अंतरराष्ट्रीय एथलीट वित्या रामराज और एनसी सोजन ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मंच बताया। वहीं आर्मी के खिलाड़ी शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

