चाईबासा: कहीं चमकाने के चक्कर में आपका कीमती जेवर पर ये ठग हाथ न साफ कर जाएं। इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार क्षेत्र में ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो अज्ञात ठगों ने जेवर चमकाने के बहाने घर में घुसकर सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
कंपनी का प्रतिनिधि बताकर घर में घुसे ठग
मिली जानकारी के अनुसार, बड़ाजामदा बाजार स्थित बड़ौदा बैंक के मिनी बैंक संचालक रंजीत कुमार वर्मा उर्फ चिंटू के घर दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया और खुद को “उजाला रॉयल कंपनी” का कर्मचारी बताते हुए सोने-चांदी, पीतल एवं तांबे के बर्तन और गहनों को चमकाने की बात कही। घर की महिलाओं ने उनकी बातों पर विश्वास कर पहले एक तांबे की प्लेट दी, जिसे ठगों ने साफ कर वापस कर दिया। इसके बाद उन्होंने चांदी के पायल भी चमकाकर लौटा दिए, जिससे महिलाओं का भरोसा और बढ़ गया। इसी दौरान ठगों ने महिलाओं को अपने झांसे में लेते हुए सोने की चेन भी मांग ली।
सोने की चेन लेकर थमा दिया पत्थर
महिलाओं ने चमकाने के लिए सोने की चेन दी तो ठगों ने उसे एक पाउडर में डालकर महिलाओं से पानी लाने को कहा। जैसे ही महिलाएं अंदर गईं, दोनों ठग चेन लेकर फरार हो गए और उसकी जगह कागज की पुड़िया में पत्थर रखकर थमा दिया। जब महिलाओं ने पुड़िया खोली तो उसमें पत्थर देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी तुरंत घर के अन्य सदस्यों को दी गई और पुलिस को सूचित किया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। फुटेज में दोनों ठगों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिसमें वे आसपास के घरों में भी इसी तरह प्रवेश करने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें भगा दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के अजनबियों से सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी को घर में प्रवेश न करने दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही ऐसे अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

