
Ranchi : आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने झारखंड की राजधानी रांची में बड़े बिल्डर्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दायरे में पनास रिलेटर्स एलएलपी और दयानंद मोदी ग्रुप शामिल हैं। विभाग की टीम ने दोनों समूहों के कार्यालयों के साथ-साथ उनके पार्टनर्स और निदेशकों के ठिकानों पर भी जांच की।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग को इन बिल्डर्स पर वास्तविक आय छिपाकर टैक्स चोरी करने का संदेह है। इसी आधार पर बुधवार को एक साथ कई स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
रातू रोड स्थित मोदी हाइट्स में संचालित पनास रिलेटर्स एलएलपी के कार्यालय पर आयकर विभाग की टीम पहुंची। इसके अलावा कंपनी से जुड़े पार्टनर्स के आवास और अन्य ठिकानों पर भी जांच की गई। कंपनी के पार्टनर्स में अरुण झुनझुनवाला, नारायण प्रसाद जालान, प्रदीप मोदी, प्रणय मोदी और आदित्य झुनझुनवाला शामिल हैं। रांची में कंपनी की कई प्रमुख रियल एस्टेट परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें स्काई डेक और पनाशे जैसी परियोजनाएं प्रमुख मानी जाती हैं।
दूसरी ओर आयकर विभाग ने दयानंद मोदी ग्रुप के लालपुर स्थित कार्यालय पर भी छापा मारा। इस ग्रुप की रांची में कई आवासीय परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें रोजवुड परियोजना प्रमुख है, जहां एक फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है। विभाग ने कंपनी के निदेशक अभिमन्यु मोदी के ठिकानों को भी जांच के दायरे में लिया है।
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि टैक्स चोरी या वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं।

