
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद ही शर्मनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के रातू थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता के दोस्त के ही साथियों पर इस घिनौने अपराध को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
परिचित के साथ गई थी रातू, दोस्तों ने बनाया बंधक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता रांची के तुपुदाना थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह अपने एक परिचित लड़के के साथ रातू इलाके में गई थी। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उस लड़के के दोस्तों ने छात्रा को बंधक बना लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की कुल संख्या 7 से 8 थी।
ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
यह वारदात बीती 12 जुलाई की बताई जा रही है। पीड़िता ने मंगलवार (14 जुलाई) की देर शाम को रातू थाना पुलिस को मामले की लिखित जानकारी दी। गैंगरेप की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रांची के ग्रामीण एसपी (रूरल एसपी) गौरव गोस्वामी खुद देर रात रातू थाना पहुंचे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अब तक छह मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बचे हुए आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।

