Jamshedpur : घाटशिला के बुरूडीह क्षेत्र में कई दिनों से विचरण कर रहे 35 हाथियों के बड़े झुंड को वन विभाग ने सोमवार को सफलतापूर्वक पटमदा के आमदापहाड़ी बाटालुका जंगल तक पहुंचा दिया। इस झुंड में छोटे बच्चों से लेकर वयस्क हाथी शामिल हैं। अब विभाग का अगला लक्ष्य इन्हें सुरक्षित तरीके से दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी तक पहुंचाना है।
इस अभियान में वन विभाग के करीब दो दर्जन वनकर्मी और क्विक रिस्पांस टीम लगातार सक्रिय हैं। वनरक्षी सीमंत सरदार और बालक हंसदा के अनुसार, हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखते हुए सीधे दलमा की ओर मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्य में ‘दलमा इको विकास समिति’ के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं।
पटाखों और मशाल के सहारे चल रहा ऑपरेशन
अभियान का नेतृत्व कर रहे कैप्टन देवाशीष कर्मकार और भुजुराम सोरेन ने बताया कि हाथियों को बुरूडीह से सुखलाड़ा और डालापानी होते हुए बाटालुका तक लाया गया है।
फिलहाल टीम बाटालुका जंगल में कैंप कर हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। रात के समय हाथियों को सही दिशा देने के लिए टॉर्च, मशाल और पटाखों का सहारा लिया जा रहा है। हालांकि इस दौरान आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
तीन तरफ से दलमा पहुंचते हैं हाथी
झारखंड के जंगलों में हाथियों का आवागमन एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। दलमा क्षेत्र में हाथियों के प्रवेश के कई रास्ते हैं, जिनमें घाटशिला-पटमदा मार्ग प्रमुख माना जाता है। वन विभाग को उम्मीद है कि यह झुंड जल्द ही सुरक्षित रूप से दलमा के जंगलों में प्रवेश कर जाएगा।

