RANCHI: रांची के बरियातू इलाके में एक छात्रा के साथ बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। पीड़िता के अनुसार 9 अप्रैल की रात उसकी सहेली ने उसे जन्मदिन की पार्टी में बुलाया था और भरोसा दिलाया था कि वहां कई लड़कियां मौजूद होंगी। लेकिन जब वह पांचवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट पहुंची, तो वहां पहले से तीन युवक दानिश, सदाब और फवाद मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि केक काटने के बाद आरोपी दानिश ने पीड़िता को पिज्जा खिलाया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पिज्जा खाने के बाद पीड़िता को चक्कर आने लगे और वह अचेत जैसी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने कमरे में बंद कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद मानसिक आघात के कारण पीड़िता दो दिन तक चुप रही। तबीयत बिगड़ने पर उसने अपने भाई की मदद से लालपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी दानिश फिलहाल फरार है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

