चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत किरीबुरू- बड़ाजामदा मुख्य सड़क पर शांति स्थल के समीप एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार, बुधवार को एक ट्रेलर तीखे मोड़ पर अचानक तकनीकी खराबी की वजह से फंस गया, जिसके कारण वह सड़क के बीचों-बीच रुक गया। इससे मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया।
इस जाम का सबसे अधिक असर लंबी दूरी की बस सेवाओं पर पड़ा। किरीबुरू से टाटा और रांची जाने वाली बसें जहां रास्ते में ही फंस गईं, वहीं टाटा से किरीबुरू आने वाली बसों का परिचालन भी पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और ट्रेलर को हटाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक राहत कार्य जारी था और प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द मार्ग को सुचारू करने की कोशिश की जा रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मोड़ पहले भी दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है, जहां अक्सर भारी वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन से इस स्थान पर स्थायी समाधान की मांग भी उठने लगी है।
Read Also: Chaibasa News : जेनरेटर में लगी आग, जलने से बच गया बाजार, समय रहते दमकल ने किया काबू; बड़ा हादसा टला

