Home » Chaibasa Crime News : चाईबासा के टोकलो जिलिंग बुरू जंगल में अज्ञात व्यक्ति पर जानलेवा हमला, रांची रिम्स रेफर

Chaibasa Crime News : चाईबासा के टोकलो जिलिंग बुरू जंगल में अज्ञात व्यक्ति पर जानलेवा हमला, रांची रिम्स रेफर

Jharkhand Hindi News : जंगल में खून के निशान और संघर्ष के सबूत मिले हैं। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। जिलिंग बुरू जंगल क्षेत्र नक्सल प्रभावित माना जाता है

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa Crime News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : यह हमला किसने और क्यों किया, यह रहस्य बना हुआ है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र अंतर्गत जिलिंग बुरू जंगल में अज्ञात अपराधियों ने करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति पर धारदार हथियार से गर्दन और शरीर पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिर उसे मरा समझकर जंगल में फेंक दिया। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे जंगल से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने झाड़ियों के पास खून से लथपथ व्यक्ति को कराहते हुए देखा। व्यक्ति की गर्दन और शरीर पर गहरे जख्म के निशान थे और वह बोलने की स्थिति में नहीं था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना टोकलो थाना को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंकित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल अपनी गाड़ी से चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया। मौके पर चक्रधरपुर एसडीपीओ ने उपस्थित थे। उन्होंने तत्काल मरीज को सदर अस्पताल चाईबासा भेजा। चाईबासा में इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर के अनुसार गर्दन पर धारदार हथियार से गहरा वार किया गया है।

खून बह जाने के कारण हालत नाजुक, पहचान की कोशिश जारी

काफी खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए तत्काल उसे रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया। इधर टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि घायल व्यक्ति की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।

अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस कर रही जांच

थाना प्रभारी ने कहा कि हमने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जंगल में खून के निशान और संघर्ष के सबूत मिले हैं। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है। जिलिंग बुरू जंगल क्षेत्र नक्सल प्रभावित माना जाता है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल नक्सली घटना से इनकार किया है।

आपराधिक घटनाओं से इलाके में दहशत

लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इधर पुलिस आसपास के थानों को घायल व्यक्ति की तस्वीर भेजकर शिनाख्त की कोशिश कर रही है।फिलहाल घायल व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच रिम्स भेजा गया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है।

Read Also- Garhwa Crime News : झारखंड के गढ़वा में MLA सत्येंद्रनाथ तिवारी के पैतृक घर में चोरी, लाखों का सामान पार

Related Articles