Chaibasa : खुशबू कुमारी की शानदार बल्लेबाजी (39 नाबाद रन) की बदौलत बोकारो ने गत वर्ष की चैंपियन टीम रांची को एक रोमांचक मुकाबले में मात्र दो विकेट से पराजित कर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर आज खेले गए अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के फाईनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राँची की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 129 रनों का स्कोर खड़ा किया। राँची की ओर से कुमारी पलक ने 28, ईशा केसरी ने 23, गुरलीन कौर ने 21, मानसी सिंह एवं प्रिया कुमारी ने 15-15 रन बनाए। बोकारो की ओर से भूमिका कुमारी एवं रिन्नी बर्मन ने 18 रन देकर दो-दो विकेट हासिल किए जबकि खुशबू कुमारी को एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी बोकारो की टीम ने 19.4 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। बोकारो की ओर से खुशबू कुमारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर दो चौके एवं दो छक्के की सहायता से नाबाद 39 रन बनाकर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच का हकदार बनी। अन्य बल्लेबाजों में विजेता एवं साक्षी कुमारी ने 27-27 रन तथा रेखा राजपूत ने 18 रन बनाए।
राँची की ओर से आरती कुमारी ने 15 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। पल्लवी कुमारी, शम्पी कुमारी एवं कुमारी पलक को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।

मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने विजेता टीम बोकारो को ट्राफी के साथ अस्सी हजार रुपये का चेक एवं सभी खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जबकि उपविजेता टीम राँची को झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने उपविजेता ट्राफी के साथ साठ हजार रुपये का चेक एवं सभी खिलाड़ियों एवं कोच तथा मैनेजर को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया।
बोकारो की खुशबू कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जे एस सी ए प्रबंधन समिति के कार्यकारी सदस्य रमेश कुमार ने प्रदान की। सभी खिलाड़ियों एवं कोच तथा मैनेजर को व्यक्तिगत पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के सौजन्य से प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अजयनाथ शाहदेव एवं विशिष्ट अतिथि शाहबाज नदीम ने जिला क्रिकेट संघ को उसकी गतिविधि तथा शानदार तरीके से मैच आयोजित करने के लिए सराहा। इससे पूर्व जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ठ अतिथि को शाल ओढ़ा कर एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में स्वागत भाषण एवं मंच संचालन पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने की।
इस अवसर पर राँची जिला क्रिकेट संघ के सचिव शैलेंद्र कुमार, बोकारो जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सह जे एस सी ए जिला उप समिति के अध्यक्ष पी एन सिंह, महिला चयन समिति के अध्यक्ष कविता रॉय, जूनियर चयन समिति के सदस्य संजीव गुप्ता, मैच के दोनों अंपायर क्रमशः अभिषेक तथा हेमंत ठाकुर एवं स्कोरर संदीप रॉय आदि उपस्थित थे।

