Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में एक बार फिर संदिग्ध सिलेंडरनुमा बम मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया है। मामला बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव का है, जहां बुधवार देर शाम स्वर्णरेखा नदी किनारे ग्रामीणों ने एक संदिग्ध वस्तु देखी।जैसे ही बम जैसी वस्तु मिलने की जानकारी फैली, मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि यह अमेरिकन बम हो सकता है।सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बहरागोड़ा थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि जांच के लिए विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है और पूरी तरह जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद वस्तु बम है या कोई साधारण धातु का टुकड़ा।गौरतलब है कि पानीपाड़ा गांव और इसके आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इससे पहले 17 मार्च को भी नदी किनारे एक बम मिला था, जबकि 24 मार्च को द्वितीय विश्व युद्ध काल का अमेरिकी बम बरामद हुआ था। उस दौरान सेना और पुलिस की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था।लगातार मिल रहे बमों से स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

