Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो में शंकोसाई के श्यामनगर को बाढ़ से बचाने की कवायद शुरू हो गई है। यहां हर साल बरसात के महीने में नदी में आई बाढ़ का पानी घुस जाता है। इससे लोगों को दिक्कत होती है। अब लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जल संसाधन विभाग ने कमर कस ली है। जल संसाधन विभाग ने इसके लिए एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट तैयार किया है। जल संसाधन विभाग इस प्रोजेक्ट पर 11 करोड़ 79 लाख 60 हजार रुपये खर्च करने जा रहा है।
स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता ने योजना तैयार कर स्वीकृति के लिए रांची भेज दी है। रांची में जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख इस योजना को स्वीकृति प्रदान करेंगे। माना जा रहा है कि जल्द ही इस योजना को स्वीकृति दे दी जाएगी। ताकि, बरसात से पहले ही काम कराया जा सके। वैसे भी जल संसाधन विभाग इस योजना को तैयार करने में काफी लेट है। लोगों का कहना है कि विभाग को और पहले ही यह योजना तैयार कर रांची से स्वीकृति ले लेनी चाहिए थी। सर्दियों में इसका काम हो जाना चाहिए था। क्योंकि, अब बरसात आ रही है। जब तक योजना को स्वीकृति मिलेगी और इस काम का टेंडर होगा काफी समय बीत चुका होगा और शहर में बरसात शुरू हो चुकी होगी। इसलिए, अब माना जा रहा है कि यह योजना अगले साल ही धरातल पर उतरेगी।
बरसात का पानी श्याम नगर की तरफ नहीं आए इसके लिए नदी किनारे एक स्लुस गेट लगाया जाएगा। इस स्लुइस गेट पर दो करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये खर्च होंगे। जब भी नदी में पानी बढ़ेगा इस स्लुइस गेट को बंद कर दिया जाएगा। इससे नदी का पानी श्यामनगर के इलाके में दाखिल नहीं हो सकेगा।
यही नहीं, श्यामनगर के आसपास मानगो पुल से गौड़ बस्ती तक नदी किनारे तटबंध बनाया जाएगा। ताकि, पानी नदी के इस पार रिहायशी इलाकों में नहीं घुसे। बताया जा रहा है कि इस योजना पर जल संसाधन विभाग नौ करोड़ 41 लाख रुपये खर्च करेगा।

