Home » Ranchi News : झारखंड की ‘सखी मंडल’ महिलाएं बनेंगी उद्यमी

Ranchi News : झारखंड की ‘सखी मंडल’ महिलाएं बनेंगी उद्यमी

JSLPS–IIM कोलकाता के बीच एमओयू, मिलेगा मैनेजमेंट प्रशिक्षण

by Nikhil Kumar
Ranchi News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और आईआईएम कोलकाता नवाचार उद्यमिता केंद्र (IIMCIP) के बीच तीन वर्षीय समझौता किया गया है। इस पहल के तहत सखी मंडलों से जुड़ी हजारों महिलाओं को उद्योग और व्यापार प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अपने उद्यम को बाजार की मांग के अनुरूप विकसित कर सकें।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किए गए इस समझौते के तहत राज्य के 24 जिलों और 264 प्रखंडों में महिला उद्यमियों को मार्गदर्शन मिलेगा। पहले चरण में करीब 50 हजार महिलाओं का डाटा तैयार होगा, जिनमें से 500 उत्कृष्ट उद्यमियों को चयनित कर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके साथ ही 150 महिला उद्यमियों को इनक्यूबेशन तकनीक के जरिए एक करोड़ रुपये वार्षिक कारोबार वाले उद्यम खड़े करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत जेएसएलपीएस के पदाधिकारी और सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (सीआरपी-ईपी) को भी इनक्यूबेशन स्किल में प्रशिक्षित किया जाएगा।

महिला उद्यमियों को दीर्घकालिक सहयोग देने के लिए प्रत्येक प्रमंडल में स्थानीय इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध होंगी। वहीं, योजना में इक्विटी फंड, चैलेंज फंड और सॉफ्ट लोन के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह समझौता जेएसएलपीएस के मुख्य परिचालन पदाधिकारी विष्णु परिदा और आईआईएमसीआईपी कोलकाता के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार रॉय के बीच हस्ताक्षरित हुआ। मौके पर डॉ. गौरव कपूर, नितिश कुमार सिन्हा, तुमुल तरण, धीरज पांडेय एवं निशांत देव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Read Also- Chaibasa latest News : कुमारडूंगी में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Comment