RANCHI: रांची के खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज महिला कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिला कर्मियों ने काम करने से इनकार कर दिया और प्लांट गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। खेलगांव थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तैनात किया गया। फिलहाल हालात काबू में हैं और यातायात पर किसी तरह का असर नहीं पड़ा है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिला कर्मियों और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता कराई। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि अगले सोमवार तक सभी कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। फैक्ट्री में करीब 2400 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 85 प्रतिशत महिलाएं हैं। जानकारी के अनुसार आधी महिला कर्मियों ने वेतन मिलने तक काम पर लौटने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर प्लांट परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। बता दें कि इस औद्योगिक इकाई की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की पहल पर की गई थी, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिला है।
READ ALSO: http://Jharkhand Lokayukta Appointment : लोकायुक्त के पद पर अमिताभ कुमार गुप्ता ने ली शपथ

