RANCHI: मेयर रोशनी खलखो ने सोमवार को रांची नगर निगम में जलापूर्ति शाखा के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर में बढ़ती गर्मी और गिरते जलस्तर को देखते हुए निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन जल टैंकरों की स्थिति खराब है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कर जल्द से जल्द जलापूर्ति कार्य में लगाया जाए। साथ ही टैंकर और ट्रैक्टर की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया ताकि जरूरतमंद इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित न हो। यह भी तय किया गया कि टैंकरों को भरने की सुविधा अब सिमलिया यूजीआर और आईटीबीपी यूजीआर में भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे जलापूर्ति प्रक्रिया तेज हो सके।
शहर में खराब पड़े चापानलों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा हाइड्रेंट और मिनी हाइड्रेंट की मरम्मत कार्य को चार जोन में बांटकर संचालित करने को कहा गया। मेयर ने बताया कि गर्मी के कारण कई इलाकों में बोरिंग का जलस्तर नीचे चला गया है, ऐसे में नए स्थलों की पहचान कर शीघ्र बोरिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में डिप्टी मेयर नीरज कुमार, सहायक नगर आयुक्त दिलीप कुमार, जलापूर्ति शाखा के अधीक्षण अभियंता प्रसून मुर्मू, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
READ ALSO: RANCHI NEWS: दोहरे हत्याकांड मामले में अपील पर सुनवाई पूरी, HC ने फैसला रखा सुरक्षित

