Jamshedpur : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में नगर निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहरी क्षेत्रों में चल रही योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, राजस्व संग्रहण और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्रों में नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी बढ़ाई जाए।
गर्मी को देखते हुए सभी सार्वजनिक स्थलों पर दो दिनों के भीतर घड़ा और सुराही के माध्यम से अस्थायी पेयजल व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही एक सप्ताह के अंदर चिन्हित स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित कर चालू करने को कहा गया। जहां पेयजल संकट है, वहां टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत बाजारों और मुख्य सड़कों की सफाई सुबह 5 बजे से पहले या रात में करने का निर्देश दिया गया। इस पहल की सफलता के बाद इसे अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा। इसके अलावा, नालों की सफाई बरसात से पहले पूरी करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने की बात कही गई।उपायुक्त ने सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई, बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में नियमित निरीक्षण करने, स्ट्रीट लाइट की निगरानी करने और आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए अभी से तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नगरीय आबादी को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन और धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
Read also Ranchi News : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत बिगड़ी, रांची के अस्पताल में भर्ती

