Chaibasa : चाईबासा नगर परिषद कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को बोर्ड की बैठक उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू, नगर प्रबंधक, टाउन प्लानर, सभी वार्ड पार्षद और नगर परिषद कर्मी मौजूद रहे।
एक माह में शुरू होगा बस स्टैंड निर्माण
बैठक के बाद उपाध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि शहर में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बस स्टैंड का निर्माण कार्य एक महीने के अंदर शुरू किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड बनने से सड़क पर अव्यवस्थित खड़ी होने वाली बसों की समस्या खत्म होगी और यातायात सुगम होगा।
जोड़ा तालाब और पेयजल पर निर्देश
बैठक में जोड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने पर सहमति बनी। आगामी गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया गया। उपाध्यक्ष ने पेयजल विभाग से कहा है कि चिलचिलाती गर्मी में एक भी चापाकल खराब न रहे और पाइपलाइन से जलापूर्ति सुचारू रूप से चले।
मानसून से पहले नाली सफाई का आदेश
आगामी मानसून में जलजमाव न हो, इसके लिए सभी वार्डों में टीम बनाकर नालियों की सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। बैठक में वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याएं रखीं। सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और कचरा उठाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। बैठक में विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
Read Also- Jharkhand News: झारखंड में 15 दिनों के भीतर दुरुस्त होंगे खराब हैंडपंप, जानें क्या होगा सिस्टम

