रांची : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलती नजर आ रही है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं और इसके प्रभाव से आज कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 2 मई को पूरे राज्य में मौसम अस्थिर रहेगा, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला, रांची, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित लगभग सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होगा।
5 मई तक जारी रहेगा असर
मौसम विभाग ने कल के लिए भी कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
इसके अलावा परसों और 5 मई को पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा।
कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों को इस अलर्ट से बाहर रखा गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, ऐसे में खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
Read Also- JPSC Exam Irregularities : जेपीएससी परीक्षाओं में गड़बड़ी पर राज्यपाल की सख्ती, जांच के आदेश

