रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखण्ड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित हालिया परीक्षाओं में सामने आई त्रुटियों पर कड़ा रुख अपनाया है। लोक भवन की ओर से आयोग के अध्यक्ष को पत्र भेजकर इन गड़बड़ियों पर गंभीर चिंता जताई गई है और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक वन संरक्षक मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्रों में त्रुटियां पाई गई हैं। इसके अलावा प्रारंभिक उत्तर कुंजी में भी गलत उत्तर होने की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई है।
लापरवाही करने वाले पर करें करवाई
राज्यपाल ने स्पष्ट कहा है कि इस प्रकार की लापरवाही परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को प्रभावित करती है तथा आयोग की साख पर प्रश्नचिह्न लगाती है। उन्होंने निर्देश दिया है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही, भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार और सतर्कता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। राज्यपाल ने अपेक्षा जताई है कि आयोग पारदर्शिता और उच्च मानकों के साथ परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करेगा, ताकि अभ्यर्थियों का विश्वास बना रहे।

