बोकारो। सेल (SAIL) के बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में आगंतुकों के प्रवेश को लेकर नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। संयंत्र प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई गेटपास प्रणाली तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है।
नई व्यवस्था के अनुसार, अब किसी भी विजिटर को बिना संबंधित विभागाध्यक्ष की अनुमति के गेटपास जारी नहीं किया जाएगा। जिस विभाग में आगंतुक को कार्य है, वहां के मुख्य महाप्रबंधक को प्रवेश और निकासी की कारण सहित पूरी जानकारी देना अनिवार्य होगा।
नई प्रणाली के तहत अब विजिटर से जुड़ी सभी जानकारियां प्रशासनिक भवन स्थित जनसंपर्क विभाग को उपलब्ध करानी होंगी। विभागाध्यक्ष द्वारा ईमेल के माध्यम से अनुमति मिलने के बाद ही गेटपास जारी किया जाएगा।
प्रबंधन का मानना है कि इस कदम से संयंत्र परिसर में अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगेगी और सुरक्षा से जुड़े जोखिम कम होंगे। पहले एजीएम, डीजीएम या जीएम स्तर की स्वीकृति से गेटपास बन जाता था, लेकिन इसका दुरुपयोग सामने आ रहा था। कई लोग अनुमति लेकर अन्य अनजान व्यक्तियों को भी परिसर में प्रवेश दिला देते थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
गौरतलब है कि बोकारो इस्पात संयंत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से आगंतुक आते हैं। ऐसे में नई व्यवस्था को सुरक्षा और अनुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Read Also: Dhanbad Crime: पुटकी में दो पक्षों में हिंसक झड़प; व्यवसायी का पुत्र गंभीर रूप से घायल में

