Home »  JAC 12th Result 2026 LIVE : झारखंड जैक 12वीं का रिजल्ट जारी, छोटी कुमारी, श्वेता प्रसाद और राशिदा नाज बनी टॉपर 

 JAC 12th Result 2026 LIVE : झारखंड जैक 12वीं का रिजल्ट जारी, छोटी कुमारी, श्वेता प्रसाद और राशिदा नाज बनी टॉपर 

by Mujtaba Haider Rizvi
JAC
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों स्ट्रीम के छात्र अब अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट jacresults.com पर जाकर देख सकते हैं। इसके अलावा डिजीलॉकर पोर्टल results.digilocker.gov.in के माध्यम से भी रिजल्ट चेक करने की सुविधा दी गई है।

छात्रों को अपना परिणाम देखने के लिए रोल नंबर और रोल कोड की जरूरत होगी। इन दोनों जानकारी को दर्ज करते ही उनका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।

इस बार आर्ट्स स्ट्रीम में छोटी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 478 अंक हासिल कर टॉप किया है। दूसरे स्थान पर अंकित कुमार रहे, जिन्हें 474 अंक मिले, जबकि अंशु कुमारी 473 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

बता दें कि इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा 3 फरवरी से 23 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी। इससे पहले बोर्ड द्वारा 8वीं, 9वीं और 11वीं कक्षा के परिणाम भी जारी किए जा चुके हैं। अब 12वीं के नतीजों के बाद छात्र आगे की पढ़ाई और करियर की दिशा तय करने में जुट गए हैं।

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की 12वीं परीक्षा के नतीजों में इस बार अलग-अलग संकायों में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कला, वाणिज्य और विज्ञान—तीनों ही स्ट्रीम में टॉपर्स ने बेहतरीन अंक हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है।

कला संकाय में बोकारो की छोटी कुमारी ने 478 अंक लाकर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया। वह के.एम. प्लस टू हाई स्कूल, कसमार की छात्रा हैं। दूसरे स्थान पर दुमका के प्लस टू नेशनल हाई स्कूल के अंकित कुमार रहे, जिन्हें 474 अंक मिले। वहीं तीसरे स्थान पर रांची के प्रोजेक्ट हाई स्कूल, सादमा की अंशु कुमारी रहीं, जिन्होंने 473 अंक प्राप्त किए।

वाणिज्य संकाय में रांची का दबदबा देखने को मिला। योगदा सत्संग इंटरमीडिएट महाविद्यालय, जगन्नाथपुर की श्वेता प्रसाद ने 478 अंक के साथ राज्य में टॉप किया। दूसरे स्थान पर बाल कृष्णा प्लस टू हाई स्कूल के कृष कुमार वर्णवाल रहे, जिन्हें 472 अंक मिले। तीसरे स्थान पर चाईबासा के सेंट जेवियर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रियांशी खत्री रहीं, जिन्होंने 471 अंक हासिल किए।

विज्ञान संकाय में धनबाद की रशिदा नाज ने 489 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वह डीएवी प्लस टू स्कूल, पाथरडीह की छात्रा हैं। दूसरे स्थान पर पलामू के मोहम्मद फैजान आलम रहे, जिन्हें 483 अंक मिले। वहीं तीसरे स्थान पर चतरा की आकांक्षा कुमारी और मोहम्मद साना आफरीन ने 481 अंक के साथ संयुक्त रूप से जगह बनाई। इस बार के नतीजों में छात्रों की मेहनत साफ नजर आई, जहां हर संकाय में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शानदार अंक देखने को मिले।

झारखंड इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यार्थियों का आर्ट्स में शानदार प्रदर्शन, साइंस में रहे कमजोर

झारखंड अधिविद्य परिषद् द्वारा इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। इस बार तीनों संकायों में छात्रों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा, जहां कला संकाय ने बेहतरीन परिणाम दिया, वहीं विज्ञान संकाय का रिजल्ट अपेक्षाकृत कमजोर रहा।कला संकाय की बात करें तो कुल 2,12,721 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2,11,095 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 2,02,962 परीक्षार्थी सफल रहे। कला संकाय का कुल पास प्रतिशत 96.14 रहा, जो काफी बेहतर है। प्रथम श्रेणी में 1,07,694 छात्र, द्वितीय श्रेणी में 91,317 और तृतीय श्रेणी में 3,947 छात्र पास हुए हैं।

विज्ञान संकाय में 82.92 प्रतिशत रहा रिजल्ट

विज्ञान संकाय में कुल 90,638 छात्रों ने आवेदन किया था, जबकि 90,168 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 74,771 छात्र सफल रहे। विज्ञान संकाय का पास प्रतिशत 82.92 रहा। प्रथम श्रेणी में 61,589 छात्र, द्वितीय श्रेणी में 13,163 और तृतीय श्रेणी में केवल 16 छात्र उत्तीर्ण हुए।

वाणिज्य संकाय में 93.37 प्रतिशत स्टुडेंट्स पास

वहीं वाणिज्य संकाय का प्रदर्शन भी संतोषजनक रहा। इस संकाय में 21,228 छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से 21,078 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। कुल 19,681 छात्र सफल हुए, जिससे पास प्रतिशत 93.37 रहा। प्रथम श्रेणी में 12,030 छात्र, द्वितीय श्रेणी में 7,468 और तृतीय श्रेणी में 183 छात्र पास हुए। कुल मिलाकर इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कला संकाय के छात्रों ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है, जबकि विज्ञान संकाय का परिणाम थोड़ा कमजोर रहा है।

Read Also- Jamshedpur Crime : परसुडीह में दो पक्षों के बीच पथराव, भूमि विवाद में मानगो में पिता पर हमला

Related Articles