Jamshedpur : जमशेदपुर के पोटका प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन वितरण योजना के तहत किसानों के बीच बकरी एवं बतख चूजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद संजीव सरदार ने कुल 17 लाभुक किसानों को पशुधन प्रदान किया। इस दौरान किसानों में काफी उत्साह देखने को मिला।योजना के तहत छह किसानों को 10-10 बीमाकृत बकरियां, टब, मग और कृमिनाशक दवा उपलब्ध कराई गई।
वहीं 11 किसानों को प्रति किसान 30-30 बतख चूजों का वितरण किया गया। सरकार की इस पहल से ग्रामीण किसानों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा।इस मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण परिवारों के लिए आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन सकता है।
अब कब बंटेगा चूज़ा
विधायक ने लाभुक किसानों से पशुधन की बेहतर देखभाल करने और योजना का पूरा लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सही और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, बीटीएम कौशल झा, प्रधान लिपिक संजय कुमार, पशुधन सहायक राजकुमार साहू और वैष्णवी इंटरप्राइजेज के अख्तर हुसैन समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। लाभुक किसानों ने सरकार और विधायक के प्रति आभार जताया।

