RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रांची जिले के एसएसपी राकेश रंजन ने देर रात राजधानी के कई थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सिटी एसपी पारस राणा भी उनके साथ मौजूद रहे। अचानक हुए इस निरीक्षण से संबंधित थाना परिसरों में हड़कंप मच गया और पुलिस पदाधिकारी सक्रिय नजर आए।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन और सिटी एसपी पारस राणा आधी रात के बाद अचानक कोतवाली, अरगोड़ा, सुखदेवनगर समेत कई प्रमुख थानों में पहुंचे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रात के समय पुलिसकर्मियों की सक्रियता, ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों की तत्परता तथा आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थानों में पदस्थापित अधिकारियों और जवानों की उपस्थिति की जांच की। इसके साथ ही थाना परिसर में संधारित दस्तावेजों के रख-रखाव, रात्रि गश्ती, गश्ती वाहनों की सक्रियता, रूट चार्ट और लाइव लोकेशन रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने यह भी देखा कि रात में पुलिस बल कितनी मुस्तैदी से क्षेत्र में गश्त कर रहा है और अपराध नियंत्रण के लिए किस प्रकार की तैयारी की गई है।
निरीक्षण के बाद एसएसपी राकेश रंजन ने थानों में मौजूद पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रात के समय पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी दोगुनी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और प्रभावी गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

