खूंटी : अपराधियों ने दहशत फैलाने को लेकर पुल निर्माण स्थल पर फायरिंग की। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना तोरपा थाना क्षेत्र की है। सुंदारी पाकर टोली एवं गुड़गुड़ चुआं के बीच नाला पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। वहां पहुंचकर अपराधियों ने फायरिंग की जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है।
एएसपी के नेतृत्व में एसआईटी कर रही जांच
सोमवार को एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा, पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मजदूरों से पूछताछ की और मामले की जानकारी ली।
एएसपी क्रिस्तोफर केरकेट्टा ने बताया कि अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में तीन अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
मजदूरों से कहा- ठेकेदार से बात कराओ
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। मजदूरों के मुताबिक अपराधियों ने चार राउंड गोली चलाई। इसके बाद उन्होंने एक मजदूर से मोबाइल छीन लिया और पुल निर्माण के ठेकेदार से बात कराने की की बात कही।
घटना के समय निर्माण स्थल पर लगभग 15 से 17 मजदूर मौजूद थे। मजदूरों ने एकजुट होकर विरोध किया और अपराधियों की ओर दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख तीनों अपराधी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए।
भागने के दौरान अपराधियों ने मजदूर से छीना गया मोबाइल भी वहीं फेंक दिया। सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस रात में ही घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है। इस संबंध में मुंशी नयन के बयान पर तोरपा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
Read Also: Koderma Murder Case: व्हाट्सएप चैट से खुला राज, अवैध संबंध के विवाद में नेहा राज की गला रेता

