Lohardaga: लोहरदगा में थार गाड़ी से ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मेन रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर थार को रोका और उसमें ड्राइवर की सीट के नीचे छिपाई गई 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। पुलिस ने थार के चालक और एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों ने कबूल कर लिया है कि वह ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को चंदवा-लोहरदगा मेन रोड से गिरफ्तार किया है।
ब्राउन शुगर के तस्करों को पकड़ने के लिए बनाई गई थी टीम
बताया जा रहा है कि यह दोनों ब्राउन शुगर की बिक्री करने जा रहे थे। थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया कि मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने एक विशेष छापामारी दल का गठन किया था। इसी छापेमारी टीम ने पूरी कार्रवाई की है।
दुर्गा मंदिर के पास पुलिस ने चलाया जांच अभियान
पुलिस ने चंदवा लोहरदगा रोड पर दुर्गा मंदिर के पास जांच अभियान चलाया और थार गाड़ी को रोका। इसके चालक साजन नायक और दूसरे युवक राजन कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया है। साजन नायक लोहरदगा के अंबेडकर नगर का रहने वाला है। जबकि, दूसरा युवक राजन कुमार महतो लोहरदगा जिला के ईंटा ग्राम का रहने वाला है। इनके पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह लोग कहां से ब्राउन शुगर लेकर आए थे और यह ब्राउन शुगर कहां बेची जानी थी।

