रांची : भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान बढ़ने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दूसरी ओर मौसम विभाग ने 25 मई तक कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की ओर से कुछ जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
राज्य के पलामू, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां समेत कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों के दौरान कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है और तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना बनी हुई है।
ठेठईटांगर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर में 50.3 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बानो और सिमडेगा में करीब 30 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में भी तेज आंधी और बारिश देखने को मिली। नामकुम में 7.7 मिलीमीटर, बंदगांव में 7.2 मिलीमीटर, चंदनकियारी में 4.6 मिलीमीटर, रामगढ़ में 4.5 मिलीमीटर, कांके में 4 मिलीमीटर और चांडिल में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
25 मई तक कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 20 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई है।
विशेष रूप से दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में अचानक तेज हवा, बिजली गिरने और भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रांची, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और रामगढ़ समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा में गर्मी का असर अधिक बना रह सकता है।
राज्य में लगातार बदलते मौसम के कारण दिन और रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसम प्रणाली के प्रभाव से झारखंड में अगले कुछ दिनों तक अस्थिर मौसम बना रह सकता है।

