
रांची : जेपीएससी- जेएसएससी में धांधली के खिलाफ रांची को छोड़ राज्य के ज्यादातर जिलों में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आंदोलन को आगे भी जारी रखने की घोषणा की है। नेताओं ने कहा कि सरकार जानबूझकर हकीकत को छिपाना चाहती है और सीबीआई जांच से भाग रही है। पलामू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शनिवार को गणेश लाल अग्रवाल महाविद्यालय, मेदिनीनगर परिसर में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा के कथित पेपर लीक मामलों के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने राज्य सरकार और परीक्षा संचालन व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करा कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थी। इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक और भ्रष्टाचार मुक्त नियुक्ति प्रक्रिया लागू करने संबंधी मांगें अंकित थीं।
युवाओं का भविष्य हो रहा प्रभावित
एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा ने आरोप लगाया कि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को धांधली और पेपर लीक जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम को अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। जिला संयोजक उत्कर्ष तिवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। यदि सरकार शीघ्र निष्पक्ष जांच कर पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित नहीं करती है तो विद्यार्थी परिषद राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफा की मांग करने वाली कांग्रेस को तत्काल सरकार से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

