रांचीः झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया है। बकरीद पर्व के दौरान पूर्व में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। स्पेशल ब्रांच ने पशु तस्करों पर भी विशेष नजर रखने की हिदायत दी है।
बकरीद का पर्व 28 मई को मनाए जाने की सूचना है। हालांकि चांद के दृष्टिगोचर होने के आधार पर तिथि में परिवर्तन भी संभव है। स्पेशल ब्रांच के पत्र में यह लिखा गया है कि वैसे तमाम व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक तथा अन्य सोशल मीडिया ग्रुप्स पर भी निगरानी रखें, जो किसी विशेष संप्रदाय धर्म जाति की भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां करते हैं और नफरत फैलाते हैं। उनके एडमिन का नाम और मोबाइल नंबर संग्रह कर उन पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
14

