Home » Ranchi News: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से दो मासूम गायब, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Ranchi News: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से दो मासूम गायब, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से पुनः भाई-बहन (दोनों नाबालिग) रहस्यमय ढंग से लापता हो गदए हैं। पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके पूर्व भी जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से दो बच्चे गायब हुए थे जिन्हें बच्चा चोर गिरोह से रामगढ़ में बरामद किया गया था।

बच्चों के लापता होने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पटेल नगर का है, जहां 25 मई की दोपहर से एक भाई और बहन लापता हैं। पुलिस बच्चों की तलाश में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चला रही है।

लापता बच्चों की पहचान युवांश उर्फ तूफान (6 वर्ष) और उसकी बहन रोशनी कुमारी (10 वर्ष) के रूप में हुई है। बच्चों के पिता चिरंजीव महतो ने जगन्नाथपुर थाना में दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

परिजनों के अनुसार, 25 मई की दोपहर दोनों बच्चे घर के आसपास खेल रहे थे, लेकिन कुछ देर बाद अचानक उनका कोई पता नहीं चला। परिवार वालों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

जगन्नाथपुर थाना प्रभारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में एक फुटेज में दोनों बच्चे घर से कुछ दूरी पर जाते हुए दिखाई दिए हैं। इसके बाद पुलिस उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए इलाके के अन्य कैमरों की भी बारीकी से जांच कर रही है।

रेलवे स्टेशन-बस स्टैंड की भी खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज

पुलिस टीम रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बच्चों के संभावित मूवमेंट का सुराग मिल सके। इसके अलावा आसपास के थानों और संबंधित एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और बच्चों को जल्द सुरक्षित बरामद करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इधर, बच्चों के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने बताया कि छह वर्षीय युवांश बीमार है। उसका इलाज चल रहा है, जिसके कारण उनकी चिंता और बढ़ गई है। परिवार के सदस्य लगातार बच्चों की सलामती की दुआ कर रहे हैं और हर आने-जाने वाले से जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत मोबाइल नंबर-9572650742 अथवा जगन्नाथपुर थाना के नंबर-9431706169 पर सूचना दें। पुलिस ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि छोटी सी जानकारी भी बच्चों तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है।

Read Also: Supreme Court Verdict : पति-पत्नी के झगड़े में मूकदर्शक बने रिश्तेदारों पर नहीं चलेगा केस, SC ने दी बड़ी राहत

:

Related Articles

Leave a Comment