धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में अवैध कोयला कारोबार को लेकर एक बार फिर गैंगवार की घटना सामने आई है। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद इलाके में बुधवार देर रात दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। दोनों पक्षों की ओर से हुई अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
देर रात गोलियों की आवाज से दहला इलाका
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के समीप अचानक स्कॉर्पियो कार से पहुंचे कुछ लोगों ने कैलूडीह मस्जिद भवन के पास फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे गुट की ओर से भी जवाबी गोलीबारी की गई। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रही फायरिंग से इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपने घरों में दुबक गए और देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा।
तीन लोगों को लगी गोली
गोलीबारी की घटना में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मो. तौसिफ के कंधे में गोली लगी है, जबकि नीतीश कुमार यादव की जांघ में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल तौसिफ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया है। वहीं नीतीश यादव का इलाज निचितपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अवैध कोयला कारोबार को लेकर पुराना विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस इलाके में फायरिंग हुई, उसके आसपास लंबे समय से अवैध कोयला खनन और कोयला तस्करी का कारोबार संचालित हो रहा है। बताया जाता है कि चोरी का कोयला साइकिल और बाइक के जरिए लाकर छाताबाद और स्वास्तिक टॉकीज के बीच बड़े पैमाने पर जमा किया जाता है। इसके बाद ट्रकों और अन्य वाहनों से इसे विभिन्न इलाकों में भेजा जाता है।
इसी अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दोनों गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। पिछले वर्ष मार्च में भी इसी तरह की हिंसक घटना में मनोज यादव नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच और छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने कहा कि फायरिंग में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों में दहशत
लगातार हो रही गैंगवार और फायरिंग की घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Read Also- Jamshedpur Bakreed 2026 : ईद-उल-अजहा पर अल्लाह की बारगाह में झुके हजारों सिर, किया सजदा

