RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाजियों ने नए कपड़े पहनकर विशेष नमाज अदा की और देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।
मेन रोड स्थित जामा मस्जिद, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, कांके, बरियातू, नामकुम, हरमू रोड और कडरू समेत कई इलाकों की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का पहुंचना शुरू हो गया था। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इस दौरान बताया गया है बकरीद केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और समाज में प्रेम-सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी देती है।
त्योहार को लेकर बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर लोगों ने रिश्तेदारों और दोस्तों से मुलाकात कर मिठाइयां बांटी। बाजारों में भी सुबह से रौनक बनी रही, जहां सेवई, मेवे, कपड़ों और सजावटी सामान की दुकानों पर अच्छी-खासी भीड़ नजर आई। बकरीद के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

