RANCHI: रांची रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बोकारो निवासी ऋतिक मिश्रा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 26 मई को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस में अपने परिवार को विदा कर रहे यात्री अजय कुमार सिन्हा के बच्चे के गले से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट किसी अज्ञात व्यक्ति ने छीन लिया था। घटना की शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ ने स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की, जिसमें एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई।
इसके बाद 28 मई को सीसीटीवी स्टाफ की सूचना पर आरपीएफ पोस्ट रांची, डिविजनल TOPB टीम और CIB रांची की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी हुआ सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ और पैन कार्ड की प्रति बरामद हुई। शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा ने बरामद लॉकेट की पहचान अपने बच्चे के लॉकेट के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया।

