पलामू : झारखंड के पलामू शहर थाना की पुलिस ने बच्चों के गले से लॉकेट काटने वाले गिरोह का खुलासा कर दिया है। इस गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने के 2 लॉकेट भी बरामद किए हैं। सदर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव ने शनिवार को एसपी आफिस के कान्फ्रेंस रूप में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि शहर थाना क्षेत्र में एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटकर चोरी करने की घटना सामने आई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शहर के पहाड़ी मोहल्ला निवासी सानु आलम, समीर आलम तथा साहित्य समाज चौक निवासी सूर्यप्रताप कुमार उर्फ अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने के 2 लॉकेट बरामद किए। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उनका संबंध किसी बड़े चोरी गिरोह से तो नहीं है।
उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि शहर में बच्चों और महिलाओं को निशाना बनाकर होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर शहर थाना के प्रभारी ज्योतिलाल राज रजवार भी मौजूद थे।

