Home » Jamshedpur Theft : टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई में चोरी का मोबाइल बरामद

Jamshedpur Theft : टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई में चोरी का मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंटू राम (40) के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा के कीताडीह क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

गौरतलब है कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टाटानगर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

इस दौरान एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना मिलने पर आरपीएफ टाटा और जीआरपी टाटा की संयुक्त टीम तत्काल सक्रिय हो गई। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद संदिग्ध की पहचान की गई और विशेष तलाशी अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंटू राम (40) के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा के कीताडीह क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी ने रात के समय स्टेशन पर एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था और फरार होने की कोशिश कर रहा था।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर जीआरपी को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा उसके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।

पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में संपन्न हुई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक बलबीर प्रसाद ने किया। टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी गया मोबाइल बरामद करने के साथ आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या नजदीकी सुरक्षा कर्मियों को दें। रेलवे परिसर में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Read also – Dhalbhumgarh News : धालभूमगढ़ के 132 केवी हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ी युवती भाई की विनती के बाद उतरी, मामला सुलझाने में जुटी पुलिस

Related Articles