Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित जेम्को बाजार में शनिवार रात एक युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में मछुआ बस्ती निवासी कृष्णा मछुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृष्णा शनिवार रात जेम्को बाजार में नाश्ता करने गया था। इसी दौरान करीब 20 से 25 लोग वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ-साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों के मौके पर जुटने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल युवक के परिजनों ने बताया कि कृष्णा एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब चार महीने पहले जमानत पर रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद वह अपने गांव में रह रहा था। कोर्ट में पेशी के सिलसिले में वह शुक्रवार को जमशेदपुर आया था। शनिवार शाम बाजार जाने के दौरान उस पर हमला किया गया।
परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों के साथ चल रहा पुराना विवाद इस हमले की वजह हो सकता है। वहीं पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Read also – एमजीएम और सदर अस्पताल की निगरानी के लिए नोडल पदाधिकारी नियुक्त, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का निर्देश

