गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत विशुनपुरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला विशुनपुरा बाजार स्थित मनोकामना ज्वैलर्स का है, जहां शुक्रवार की रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये और करीब 1.25 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

दुकान मालिक अजीत सोनी ने बताया कि वे शुक्रवार की रात लगभग 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोर दुकान में घुसने के लिए सीढ़ी के ऊपर लगी शीट (छत का हिस्सा) को काटकर अंदर आए। इसके बाद काउंटर का लॉक तोड़कर दुकान में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग 1. 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। भुक्तभोगी अजीत सोनी ने इस संबंध में स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी विशुनपुरा में मुन्ना ज्वैलर्स में लगभग 40 लाख रुपये के जेवरात की चोरी की वारदात हो चुकी है। वहीं एक अन्य जेवर व्यवसायी सुजीत गुप्ता से सोने-चांदी से भरा झोला लूटे जाने की घटना ने भी इलाके में दहशत फैला दी थी, जिसका पुलिस अब तक पर्दाफाश नहीं कर सकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
Read Also- Jamshedpur Crime: जमशेदपुर में नशे का कहर, पैसे न मिलने पर बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला

