पलामू : युवाओं के शौक भी कभी-कभी काफी नुकसानदायक हो जाते हैं। एक युवक ने इंस्टाग्राम स्टेटस पर देसी कट्टा लहराते हुए फोटो डाल दिया। उसके इस शौक ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गई। हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
युवक पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के पथरा ओपी अंतर्गत सरसोत गांव निवासी उपेंद्र साव का 19 वर्षीय पुत्र अभय कुमार उर्फ लड्डू है। पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हरिहरगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
हरिहरगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 105/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपित बनाया गया है।
छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि दो दिन पूर्व अभय ने इंस्टाग्राम पर देसी कट्टा के साथ फोटो लगाया था। स्टेटस पुलिस की नजर में आया। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर सरसोत गांव स्थित बड़की आहर के समीप एक कुएं के पास ईंट के नीचे अखबार में लपेटकर छिपाया गया एक देसी हथियार बरामद किया गया।
कुएं से बरामद किया गया हथियार
वहीं दूसरा हथियार भी कुछ ही दूरी पर स्थित एक अन्य कुएं से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, कुएं से हथियार निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके लिए डीजल पंप की सहायता से कुएं का पानी निकाला गया, जिसके बाद हथियार को बरामद किया जा सका।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। जबकि फरार अज्ञात आरोपित की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। छापेमारी दल हरिहरगंज सब इंस्पेक्टर कुमार सौरभ,पथरा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, हवलदार हेमंत भेंगरा, आरक्षी लालबाबू यादव, अशोक यादव, रमेश उरांव, प्रीतम कुमार जायसवाल, गणेश साह, चालक सुधीर प्रकाश, सहायक पुलिस राजेंद्र कुमार यादव आदि शामिल थे।

