Jamshedpur : जमशेदपुर में बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था, जाम की समस्या और वाहन जांच अभियान को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को मंगलवार को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं, नागरिक सुविधाओं और आगामी विकास योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग करते हुए प्रशासन से स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जदयू नेताओं ने कहा कि जिला सड़क सुरक्षा समिति (Disha) की बैठक में सीसीटीवी युक्त स्थानों पर ही वाहन जांच और चालान की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन इसका प्रभाव अभी तक धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
पार्टी का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस का मुख्य दायित्व यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। सड़क पर वाहनों को रोककर चालान काटने से यातायात प्रभावित होता है और जाम की समस्या और बढ़ जाती है। इसलिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑनलाइन चालान जारी किया जाए।
ज्ञापन में चालान भुगतान की प्रक्रिया को भी सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की गई है। जदयू ने कहा कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिले और ट्रैफिक पुलिस यातायात प्रबंधन पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सके।

