Seraikela : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित गैलेक्सी एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड में हुए बॉयलर विस्फोट के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को सड़क पर उतर आया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कंपनी के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध-प्रदर्शन किया और फैक्ट्री के संचालन पर सवाल उठाए।
ग्रामीणों ने कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने बांस-बल्लियां और पत्थर लगाकर आवाजाही पूरी तरह बाधित कर दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं और आसपास के लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को हुए बॉयलर विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा भुइयांडीह गांव दहल उठा। धमाके के बाद क्षेत्र में धूल का गुबार फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में कंपनी के दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका इलाज चल रहा है।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री घनी आबादी वाले इलाके के बेहद करीब स्थित है। उनका आरोप है कि इससे पहले भी कंपनी में कई बार तकनीकी खराबी और विस्फोट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासनिक जांच के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से कंपनी के संचालन की उच्चस्तरीय जांच कराने, औद्योगिक सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने तथा आबादी के बीच संचालित इकाई पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि जब तक सुरक्षा की गारंटी नहीं मिलेगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
स्थिति की जानकारी मिलने पर चांडिल के एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद गेट जाम समाप्त कराया गया।
प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई वार्ता में ग्रामीणों की कुछ मांगों पर सहमति बनी। कंपनी प्रबंधन ने गांव में पेयजल सुविधा और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया है। वहीं प्रशासन ने बॉयलर विस्फोट की घटना की विस्तृत जांच कराए जाने की बात कही है।

