Ranchi : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर गिरफ्तार आरोपी को पुलिस हाजत में रखा गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया और मांडर क्षेत्र तक पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, जब उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
गौरतलब है कि यह मामला मंगलवार रात का है, जब बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय को निशाना बनाया था। दोनों अपराधी कार्यालय परिसर की ओर जलता हुआ पेट्रोल बम फेंककर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया था। जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में कैद मिलीं, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रांची से भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पेट्रोल बम हमला किन कारणों से किया गया था तथा इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
Read also Ranchi Murder: रांची में व्यक्ति ने घर में अपनी पत्नी की पीट-पीट कर की हत्या, गिरफ्तार

