
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के नक्सल प्रभावित मनोहरपुर प्रखंड के सोनपोखरी गांव स्थित मुंडा टोला में मंगलवार को बड़ा खतरा टल गया। खेत की जुताई के दौरान जमीन से करीब 2 फुट लंबा और 30 किलो वजनी पुराना मोर्टार शेल मिलने से हड़कंप मच गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
सूचना मिलते ही हरकत में आया प्रशासन
मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे स्थानीय किसान विजय हेंब्रम के खेत में ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो जुताई कर रहा था। तभी हल चलाते समय मिट्टी के नीचे दबा भारी-भरकम मोर्टार शेल बाहर निकल आया। जानकारी के अभाव में चालक ने एक अन्य युवक की मदद से बम को उठाकर पास के एक घर के किनारे रख दिया। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। ग्रामीणों को तुरंत उस जगह से दूर हटाया गया।
मौके पर पहुंचा सीआरपीएफ का बम निरोधक दस्ता
इसके बाद सीआरपीएफ 134 बटालियन का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मोर्टार शेल को आबादी वाले इलाके से हटाया और खेत से करीब 200 मीटर दूर एक तालाब के पास ले गई। देर शाम तालाब किनारे गहरा गड्ढा खोदकर इस खतरनाक विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से दबा दिया गया। फिलहाल सीआरपीएफ की 134 बटालियन के जवान बड़ी संख्या में घटनास्थल पर तैनात हैं।
सीआरपीएफ के जवान कर रहे निगरानी
सीआरपीएफ के जवान दिन-रात मोर्चा संभाले हुए हैं ताकि कोई ग्रामीण गलती से बम वाली जगह पर पहुंच जाए। मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय ने बताया कि सेना की बम निरोधक टीम के आने तक मोर्टार शेल को कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा। सेना की टीम ही इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करेगी। फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
सोनपोखरी गांव के लोगों में दहशत
इस घटना के बाद सोनपोखरी गांव के लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पहले भी यहां विस्फोटक मिल चुके हैं। ग्रामीण सेना की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं ताकि बम को पूरी तरह नष्ट किया जा सके और गांव में फिर से सामान्य स्थिति बहाल हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध वस्तु दिखने पर उसे न छुएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Read Also- Jamshedpur News: इन्वर्टर की मरम्मत के दौरान दौड़ा करंट, टाटा मोटर्स कर्मी की मौत

