
Jamshedpur : छुट्टियों और त्योहारों के दौरान ट्रेन में कन्फर्म टिकट की परेशानी से जूझने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने विशेष रेल टूर पैकेज शुरू किए हैं। आईआरसीटीसी पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता की ओर से शुरू की गई इस योजना के तहत यात्रियों को कन्फर्म रेल टिकट के साथ देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा करने का अवसर मिलेगा।
आईआरसीटीसी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को बिना टिकट की चिंता के पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने और आरामदायक तरीके से देश के विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है। इन पैकेजों में रेल यात्रा के साथ अन्य आवश्यक सुविधाएं भी शामिल हैं, जिससे यात्रियों को एक व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।
इन टूर पैकेजों की बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा कोलकाता, पटना, रांची, धनबाद, आसनसोल और भागलपुर स्थित आईआरसीटीसी कार्यालयों से भी कराई जा सकती है।
उपलब्ध रेल टूर पैकेज
एमपी एवं हेरिटेज रेल टूर (ईएचआर 148)
8 रात और 9 दिन के इस पैकेज का प्रस्थान प्रत्येक शनिवार होगा। इसमें कान्हा, जबलपुर, खजुराहो, बांधवगढ़ और अमरकंटक की यात्रा कराई जाएगी। प्रति व्यक्ति शुल्क 30,700 रुपये निर्धारित है।
ज्योतिर्लिंग के साथ शिर्डी रेल टूर (ईएचआर 150)
8 रात और 9 दिन के इस पैकेज में शिर्डी साईं बाबा, शनि शिंगणापुर, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग, चंद्रेश्वर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और एलोरा गुफाओं का भ्रमण कराया जाएगा। यह टूर भी प्रत्येक शनिवार को रवाना होगा। प्रति व्यक्ति शुल्क 28,400 रुपये है।
हिमालयन ट्रायंगल रेल टूर (ईएचआर 151)
7 रात और 8 दिन के इस पैकेज में कालिम्पोंग, गंगटोक और दार्जिलिंग की सैर कराई जाएगी। इसका प्रस्थान प्रत्येक रविवार होगा। प्रति व्यक्ति शुल्क 29,650 रुपये निर्धारित किया गया है।
मॉनसून स्पेशल कर्नाटक दर्शन (ईएचआर152)
7 रात और 8 दिन के इस विशेष पैकेज में कर्नाटक, कूर्ग, शिवगंगा, श्रवणबेलगोला और जोग फॉल्स का भ्रमण शामिल है। यह टूर प्रत्येक रविवार को शुरू होगा। प्रति व्यक्ति शुल्क 30,700 रुपये है।
उज्जैन–ओंकारेश्वर–शिर्डी रेल टूर (ईएचआर 149)
5 रात और 6 दिन के इस पैकेज में महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और इंदौर की यात्रा कराई जाएगी। यह पैकेज प्रत्येक शनिवार को उपलब्ध रहेगा। प्रति व्यक्ति शुल्क 15,850 रुपये रखा गया है।
राम मंदिर दर्शन के साथ प्रयागराज रेल यात्रा
5 रात और 6 दिन के इस पैकेज में प्रयागराज, अयोध्या और वाराणसी का भ्रमण कराया जाएगा। इसका प्रस्थान भी प्रत्येक शनिवार होगा। प्रति व्यक्ति शुल्क 19,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
आईआरसीटीसी पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता ने अधिक से अधिक लोगों से इन विशेष रेल टूर पैकेजों का लाभ उठाने की अपील की है। इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आईआरसीटीसी पूर्वी क्षेत्र, कोलकाता के अतिरिक्त महाप्रबंधक (पर्यटन) योगेंद्र सिंह गुर्जर के हस्ताक्षर हैं।

