
jamshedpur: टाटा स्टील प्रबंधन ने संगठनात्मक क्षमता को और मजबूत करने तथा भविष्य की कारोबारी जरूरतों के अनुरूप नेतृत्व तैयार करने की दिशा में चीफ समेत बड़े व्यापक पैमाने पर मार्केटिंग, ब्रांडिंग, परियोजना प्रबंधन, अंतरराष्ट्रीय कारोबार और तकनीकी संचालन से जुड़े कई शीर्ष अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किये गये हैं। इस संबंध में गुरुवार को टाटा स्टील के सीइओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन के हस्ताक्षर से सर्कुलर जारी किया है। माना जा रहा है कि यह बदलाव कंपनी की दीर्घकालिक विकास रणनीति और वैश्विक विस्तार की तैयारी का हिस्सा है। जारी सर्कुलर के मुताबिक सबसे अहम बदलावों में एनपी वेंकटेश को तीन वर्ष के लिए थाईलैंड स्थित एसआईडब्ल्यू में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। वहीं सत्यजीत माइती को कोलकाता में चीफ मार्केटिंग एंड सेल्स (आईबीएमडी) की जिम्मेदारी दी गई है। कंपनी ने कविता महतो को ब्रांड कस्टोडियन एवं चीफ स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन नियुक्त किया है जबकि अमित अग्रवाल को चीफ इलेक्ट्रिकल स्टील प्रोजेक्ट की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा राहुल लाल और अमृता गुप्ता जुथानी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई भूमिकाएं दी गई हैं।
टीओपी के तहत बनी नई यूनिट, परिचालन दक्षता बढ़ाने पर जोर
संगठनात्मक बदलावों के साथ टाटा स्टील ने टोटल ऑपरेशनल परफॉर्मेंस कार्यक्रम के तहत रोलिंग एंड डाउनस्ट्रीम नाम से नई इकाई का गठन किया है। इस इकाई में मोनी सिन्हा, निधि तुलस्यान, पीयूष सिंह और देवांग गांधी को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। कंपनी का मानना है कि इस नई संरचना से उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, लागत प्रबंधन और तकनीकी नवाचार को और गति मिलेगी। साथ ही विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
कौशल विकास पर भी समानांतर फोकस
संगठनात्मक बदलाव के साथ कंपनी कर्मचारियों के कौशल विकास पर भी जोर दे रही है। इसी क्रम में 37 वीं पूर्वी क्षेत्रीय कार्य कौशल प्रतियोगिता के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ उत्पादन प्रक्रियाओं में नवाचार को प्रोत्साहित करना है।
बदलाव के पीछे क्या है रणनीति
विशेषज्ञों के अनुसार स्टील उद्योग तेजी से बदल रही तकनीक, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप खुद को ढाल रहा है। ऐसे में नेतृत्व स्तर पर समय-समय पर जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण संगठन को अधिक चुस्त, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाने का हिस्सा होता है।
टाटा स्टील भी इसी रणनीति पर आगे बढ़ते हुए अपने अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देकर भविष्य की परियोजनाओं, इलेक्ट्रिकल स्टील, अंतरराष्ट्रीय कारोबार, ब्रांड प्रबंधन और मार्केटिंग को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
प्रमुख बदलाव एक नजर में
अधिकारी-नई जिम्मेदारी
एनपी वेंकटेशन- तीन वर्ष के लिए एसआईडब्ल्यू, थाईलैंड में प्रतिनियुक्ति
सत्यजीत माइती- चीफ मार्केटिंग एंड सेल्स (आईबीएमडी), कोलकाता
कविता महतो- ब्रांड कस्टोडियन एवं चीफ स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशन
अमित अग्रवाल- चीफ इलेक्ट्रिकल स्टील प्रोजेक्ट मोनी सिन्हा, निधि तुलस्यान, पीयूष सिंह, देवांग गांधी नई रोलिंग एंड डाउनस्ट्रीम इकाई में अहम जिम्मेदारी

