Home » Chaibasa News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर हुई सर्वदलीय बैठक, 22 जुलाई को होगी बीएलओ की तृतीय बैठक

Chaibasa News : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर हुई सर्वदलीय बैठक, 22 जुलाई को होगी बीएलओ की तृतीय बैठक

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से मंगलवार को एसडीओ कार्यालय में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने की। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान एसडीओ ने SIR के विभिन्न चरणों की जानकारी दी और कहा कि मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और विश्वसनीय बनाने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की नींव एक त्रुटिरहित मतदाता सूची है और इसमें बूथ स्तर पर काम करने वाले बीएलओ और बीएलए-2 की भूमिका सबसे अहम है।

22 जुलाई को सभी बूथों पर होगी तृतीय बैठक

बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई को सुबह 11 बजे से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला की तीसरी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में SIR की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही मतदाता सत्यापन, नए मतदाताओं का नाम जोड़ना, आवश्यक फॉर्म भरवाना, दावे-आपत्ति की प्रक्रिया और आयोग के दिशा-निर्देशों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी दलों से अपने-अपने बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। एसडीओ ने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक दलों के संयुक्त प्रयास से ही एक समावेशी और पारदर्शी मतदाता सूची बनाई जा सकती है, ताकि हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।

युवाओं के लिए विशेष अभियान का सुझाव

बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधि त्रिशानु राय ने सुझाव दिया कि 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं के लिए कॉलेजों और स्कूलों में विशेष पंजीकरण जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर भी अभियान चलाकर 18+ सभी पात्र नागरिकों का नाम समय पर मतदाता सूची में जोड़ा जाए। इसके साथ ही बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय और फॉर्म-6 के शीघ्र निपटारे पर भी बल दिया। बैठक के अंत में सभी दलों ने SIR अभियान को सफल बनाने में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक में कांग्रेस से त्रिशानु राय, भाजपा से प्रताप कटियार और रवि शंकर विश्वकर्मा, बसपा से जेम्स हेम्ब्रम, झामुमो से कैसर परवेज तथा आजसू से अजय महतो उपस्थित थे।

Read Also Chaibasa News : रविंद्र भवन में 25 जुलाई को जुटेंगे झारखंड आंदोलनकारी, दिवंगत साथियों को देंगे भावभीनी श्रद्धांजलि

Related Articles