
Dhanbad : सावन माह में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन पर पहली बार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (एमयूटीएस) की शुरुआत की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को दो एमयूटीएस मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनकी मदद से वे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर घूम-घूमकर यात्रियों को मौके पर ही जनरल टिकट जारी करेंगे।
रेलवे का मानना है कि इस व्यवस्था से टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों में कमी आएगी और यात्रियों को जल्दी व आसानी से टिकट मिल सकेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन पर एक अतिरिक्त टिकट काउंटर भी शुरू किया गया है, जिससे टिकट वितरण की प्रक्रिया और अधिक सुगम होगी।
सहायता बूथ और 139 से मिलेगी हर जानकारी
सावन के दौरान यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक सहायता बूथ भी स्थापित किया गया है। यहां वाणिज्य विभाग के कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान यात्रियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, जनरल और आरक्षित कोच सहित यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी या शिकायत के लिए स्टेशन पर स्थापित सहायता बूथ अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करें।
सावन भर मिलेगा शाकाहारी भोजन
सावन माह को देखते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन के सभी भोजनालयों और कैटरिंग स्टॉल पर पूरे महीने शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, धनबाद से चलने वाली ट्रेनों की पैंट्री कार में भी यात्रियों की मांग के अनुसार शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में यह सुविधा यात्रियों की मांग के आधार पर उपलब्ध रहेगी।
Read Also: harkhand Excise Department: उत्पाद विभाग में बड़ा फेरबदल, दर्जनों अधिकारी व कर्मी इधर से उधर

