
Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह केनाल से 26 जुलाई को बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने शादी के दबाव से परेशान होकर महिला की हत्या कर शव को केनाल में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8:20 बजे सूचना मिली थी कि कलियाडीह कैनाल में एक महिला का शव पानी में तैर रहा है। सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना में सनहा संख्या-12/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान शव की पहचान जुगसलाई बंगाली पाड़ा निवासी किरण देवी (45) के रूप में हुई। मृतका के पुत्र घनश्याम सिंह ने शव की पहचान की, जिसके बाद यूडी केस संख्या-30/26 दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक हिरालाल तुबीड को सौंपी गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में छोटा बांदुआ (पोटका) निवासी दासमत बास्के का नाम सामने आने पर 1 अगस्त को परसुडीह थाना कांड संख्या-82/26 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238(a) के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी दासमत बास्के ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि किरण देवी लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थीं। इसी कारण उसने उनकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कलियाडीह कैनाल में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्कूटी (JH05EF-3277), एक काला टी-शर्ट, गुलाबी रंग का बैग तथा बैंगनी रंग का छींटदार ट्राउजर बरामद किया है।
इस मामले के खुलासे में पुलिस उपाधीक्षक सुमीत कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, रितेश कुमार, हिरालाल तुबीड, बिरेंद्र कुमार सिंह, संदीप कुमार सिंह तथा थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Read also Jamshedpur Accident : बर्मामाइंस गोलचक्कर पर आपस में टकराईं दो बाइकें, युवक की हो गई मौत

