
Jamshedpur : पवित्र श्रावण मास की तीसरी सोमवारी, 17 अगस्त को सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति की ओर से भव्य सामूहिक जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। इसको लेकर रविवार को बिरसा मुंडा टाउन हॉल में समिति की आम सभा आयोजित की गई, जिसमें यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की। आम सभा में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भागीदारी, कलश वितरण, जलार्पण, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, भजन मंडली, झांकियां, प्रसाद वितरण तथा काशी के गंगा घाट की तर्ज पर आयोजित होने वाली भव्य महाआरती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान समिति के सदस्य रमेश पांडेय ने आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। वहीं, समिति के वरिष्ठ सदस्य चंद्रशेखर मिश्रा ने भूपेंद्र सिंह को पुनः अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। इसके बाद भूपेंद्र सिंह को एक बार फिर सूर्य मंदिर समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जलाभिषेक यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी यह यात्रा ऐतिहासिक और भव्य होगी तथा शहर के अधिक से अधिक शिवभक्तों से इसमें शामिल होने की अपील की।
समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने का आग्रह किया।
समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 17 अगस्त की सुबह 7 बजे सभी शिवभक्त बारीडीह बस्ती स्थित हरि मंदिर मैदान में एकत्र होंगे। यहां से श्रद्धालु जलपात्र लेकर पैदल यात्रा करते हुए सिदगोड़ा सूर्यधाम शिवालय पहुंचेंगे, जहां सामूहिक जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सोन मंडप परिसर में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल मंगवाया जा रहा है। यात्रा के दौरान भजन मंडलियों द्वारा शिवभक्ति से ओतप्रोत गीतों और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि तीसरी सोमवारी की संध्या 6 बजे सूर्यधाम परिसर में काशी के गंगा घाट की तर्ज पर दिव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। इसके लिए बनारस से 15 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली आएगी, जो पारंपरिक वाद्ययंत्रों, शंखध्वनि, दीपमालाओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती संपन्न कराएगी। आयोजन के दौरान आकर्षक आतिशबाजी भी होगी।
बैठक का संचालन महासचिव अखिलेश चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने दिया। आम सभा में समिति के पदाधिकारियों, महिला सदस्यों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

