
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के सिरकासाई के पास बिंजय नदी के किनारे सोमवार सुबह एक नवजात बच्चे का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे कुछ स्थानीय युवक नदी किनारे मछली पकड़ने और नहाने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के किनारे झाड़ियों में फंसे एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह एक नवजात शिशु का शव है। शव पानी में आधा डूबा हुआ था। शव देखकर युवकों ने तुरंत लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मिलकर सावधानीपूर्वक शव को नदी से बाहर निकाला और एक साफ जगह पर रख दिया।
जन्म के तुरंत बाद फेंके जाने का शक
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवजात का शरीर और नाल से साफ लग रहा था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बच्चे को जन्म के तुरंत बाद नदी में फेंक दिया गया होगा। किसने और किन परिस्थितियों में इस वारदात को अंजाम दिया, इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दुख का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आसपास किसी अस्पताल या घर में संदिग्ध प्रसव तो नहीं हुआ था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
Read Also Chaibasa News : बेनाम बादशाह ने सोरेन सिपाही को 2-0 गोल से हराकर बना चैंपियन

